भोपाल | मध्य प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत के प्रथम चरण में 52 जिलों के 115 विकासखण्ड की 8702 ग्राम पंचायतों के 26 हजार 902 मतदान केन्द्रों में मतदान हो रहा है। सुबह से ही कई केंद्रों पर मतदान के लिए लंबी कतारें लगी हैं। दोपहर 1 बजे तक 49 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें महिलाओं ने सबसे ज्यादा 51 प्रतिशत और पुरुषों ने 47 प्रतिशत मतदान किया। इसके अलावा 2.80  प्रतिशत अन्य लोगों ने मतदान किया। भोपाल, ग्वालियर, रायसेन, विदिशा सभी जिलों में सुबह 7 बजे ही मतदान शुरू हो गया था। अभी तक कहीं से भी कोई गड़बड़ी की खबर नहीं आई है। प्रदेश में 22 हजार 915 सामान्य और 3 हजार 989 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। इन केन्द्रों सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।

दोपहर 1 बजे की रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 64.10 प्रतिशत मतदान नीमच जिले में हुआ। सबसे कम मतदान अनूपपुर में 36.10 प्रतिशत हुआ। प्रदेश में प्रथम चरण में भोपाल, इंदौर, नरसिंहपुर, ग्वालियर, हरदा में प्रथम चरण में ही चुनाव संपन्न हो जाएंगे। इसमें भोपाल में दोपहर 1 बजे तक 48.60 प्रतिशत, इंदौर में 51.40 प्रतिशत,  ग्वालियर में 50.50 प्रतिशत, नरसिंहपुर में 51.70 प्रतिशत और हरदा में 54.70 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा  जबलपुर में 49.80 प्रतिशत हुआ है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए लंबी-लंबी लाइन लग गई थी। महिलाओं ने भी वोट डालने में उत्साह दिखाया है। दोपहर 3 बजे मतदान के समाप्त होने के बाद मतगणना का काम भी शुरू हो जाएगा। हालांकि, रिजल्ट पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य पद के परिणाम 14 जुलाई और जिला पंचायत सदस्य पद के परिणाम 15 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।