भोपाल । राजधानी में धूमधाम से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलेगी। आगामी एक जुलाई को पुराने शहर के चौक बाजार स्थित लखेरापुरा की श्रीजी मंदिर समिति के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की विशाल रथ यात्रा निकलेगी। यात्रा में भगवान 122 वर्ष पुराने लकड़ी के रथ में सवार होकर भ्रमण पर निकलेंगे। श्रीजी मंदिर समिति के मुखिया श्रीकांत शर्मा ने बताया कि ओडिशा के जगन्नाथपुरी में भगवान की रथयात्रा दूज के दिन निकलती है। पुष्टिमार्ग में महाप्रभुजी वल्लभाचार्य ने इसका नियम पुष्य नक्षत्र वाले दिन बताया। इस वर्ष यह संयोग एक जुलाई को बन रहा है, अत: उसी दिन रथयात्रा निकालेंगे। उन्होंने बताया कि नाथजी का लकड़ी से बना रथ 122 वर्ष पुराना है। इस रथ में आठ पहिए और 16 खंभे हैं। इस रथ को गुजरात के सनखेड़ा के कारीगरों ने बनाया था। मंदिर समिति के मुखिया ने बताया कि पहले तो यह रथ पूरी तरह लकड़ी का बना था, लेकिन 49 वर्ष पहले इसके स्वरूप में कुछ बदलाव किया गया। रथ में भगवान की छतरी चांदी से तैयार की गई है। रथ के सभी हिस्से अलग-अलग किए जा सकते हैं। इस रथ में घोड़े नहीं लगते हैं। इसके पीछे यह भाव है कि यहां बाल भाव की सेवा है। ब्रज में सभी गोपियां प्रभु श्रीकृष्ण को खुद ही धक्का देकर ब्रज में घुमाती थीं, जिससे प्रभु आनंदित होते थे। इसी भाव के कारण इस रथ में घोड़े नहीं लगते हैं। 30 जून को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रथ के विभिन्न हिस्सों को जोड़कर तैयार किया जाएगा।मंदिर समिति के मुखिया ने बताया कि रथ को बाहर नहीं ले जाया जाता है। मंदिर के अंदर ही प्रभु को रथ में विराजमान करके परिसर में भ्रमण कराया जाता है।