- प्राकृतिक आपदा में फसल नुकसान से हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान

- धनिया,सरसों व चने की फसलों को नुकसान

शिवपुरी से रंजीत गुप्ता

शिवपुरी जिले में दो दिन से हुई ओलावृष्टि के कारण तहसील कोलारस, बदरवास, पिछोर और खनियांधाना, बैराड़ में 100 से ज्यादा गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है। जिले में 100 से ज्यादा गांवों में फसलें को नुकसान की बात सामने आई है। कुछ जगह पेड़ों के नीचे पक्षी भी मरे मिले हैं। इस प्राकृतिक आपदा में फसल नुकसान से हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान हो गया है। इस ओलावृष्टि के बाद किसानों का कहना है कि जल्द से जल्द इस प्राकृतिक आपदा को लेकर सर्वे हो और उन्हें हुए नुकसान की भरपाई की जाए।

कोलारस व बदरवास में भारी नुकसान-
दो दिन से बदले मौसम के बीच ओलावृष्टि ने जिले के कोलारस व बदरवास में सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा शनिवार की रात को बैराड़ तहसील के कुछ गांवों में भी ओलावृष्टि हुई है। कोलारस तहसील के लुकवासा में रात 10:45 बजे दो से तीन मिनट तक ओलावृष्टि हुई। मसूर व धनिया फसल चौपट हो गई है और सरसों में भी बहुत ज्यादा नुकसान है। चने के साथ गेहूं में भी नुकसान हुआ है। आसपास बरखेड़ी, रिजौदा, देहरदा सड़क, डोंडियाई, बसंतपुरा, भाटी, अनंदपुर, पचावली, कुल्हाडी, बूढाडोंगर, लिलवारा, टोरिया, अटरूनी, कनावदा में ओले बरसने से फसल नुकसान हो गया है। पोहरी अनुविभाग में बैराड़ तहसील के ग्राम सकतपुर, आ कुर्सी, देवपुरा, हर्रई में ओलावृष्टि हुई है। यहां 20त्न तक नुकसान की आशंका है।

कोलारस विधायक ने किया दौरा-
कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा कर यहां पर पीड़ित किसानों से बात की। इसके अलावा राजस्व अधिकारियों से भी बात की। कोलारस विधायक ने कहा है कि किसानों को जो नुकसान हुआ है उसकी हर संभव भरपाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी बात हुई है और जल्द सर्वे होगा।

न्यूज़ सोर्स : रंजीत गुप्ता शिवपुरी