भोपाल  ।  कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिन जिले या विधानसभा क्षेत्रों में अधिक प्रताड़ित करने की शिकायतें हैं, वहां पार्टी परिवर्तन संकल्प अभियान प्रारंभ करेगी। इसमें गृह मंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा का क्षेत्र दतिया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खुरई और उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव का विधानसभा क्षेत्र बदनावर शामिल है। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की सभाएं होंगी। यह जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रशासनिक अत्याचार निवारण समिति की बैठक में दी। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार के इशारे पर झूठे मामलों में फंसाकर प्रताड़ित किए जाने के मामलों से निपटने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि दतिया, सागर के खुरई, सुरखी, रहली, धार के बदनावर क्षेत्र में प्रकरण अधिक सामने आए हैं। जिन पर कोई प्रकरण नहीं बन रहा है, उन्हें 151 धारा लगाकर सताया जा रहा है। अनुविभागीय अधिकारी के स्तर पर छोड़ा जा सकता है, उनमें भी जेल भेजा जा रहा है। खुरई में तो एक व्यक्ति ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर नौ फर्जी प्रकरण लगा रखे हैं। जिसमें उसका नाम नहीं है, वहां वह गवाह बनाकर खड़ा हो गया। बताया गया कि कार्यकर्ताओं को जिलाबदर किया जा रहा है। गैरकानूनी तरीके से कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने वाले अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। कार्यकर्ताओं की लड़ाई पार्टी लड़ेगी। परिवर्तन संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की सभाएं तो होंगी ही भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों के ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची भी तैयार की जाएगी, जिन पर प्रकरण होने के बाद भी कार्यवाही नहीं की गई है।


बैठक में पूर्व मंत्री बाला बच्चन, प्रभु सिंह ठाकुर, विधायक रामलाल मालवीय, जेपी धनोपिया, केके मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रत्येक जिले में तैनात होंगे अधिवक्ताबैठक में कार्यकर्ताओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाने की जिम्मेदारी पूर्व महाधिवक्ता शशांक शेखर की दी गई। पार्टी को विधि प्रकोष्ठ सभी जिलों में अधिवक्ताओं की तैनाती करेगा जो न्यायालय में कार्यकर्ता पैरवी करेंगे। यह व्यवस्था पूरी तरह निश्शुल्क रहेगी। दो नंबर भी जारी किए जाएंगे, जिस पर सूचना मिलते ही संबंधित जिले के कार्यकर्ता को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक जिले में सूचना का अधिकार कार्यकर्ताओं को सक्रिय करके भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित की जा रही अवैध गतिविधियों को उजागर किया जाएगा। मतदाता सूची की गड़बड़ियाें को उजागर करने के साथ ही निर्वाचन आयोग को भी सूचित किया जाएगा ताकि कार्यवाही हो सके।