भोपाल।  मप्र में मिशन 2023 फतह करने के लिए भाजपा  और कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। मप्र में विजय पाने के लिए भाजपा-कांग्रेस का आलाकमान एक्टिव हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सक्रियता से मप्र का चुनावी माहौल गरमा गया है।  भाजपा मोदी के मन में एमपी, एमपी के मन में मोदी के नारे के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। तो वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता भी चुनावी रण में उतर चुके हैं। कांग्रेस अपनी 11 गारंटियों और वचन पत्रों के आधार पर जनादेश की मांग कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस चुनाव प्रचार थमने से पहले कांग्रेस ताबड़तोड़ जनसभाएं और रोड शो करेंगी। कांग्रेस के दिग्गज 33 सभाएं और रोड शो करेंगे। मल्लिकार्जुन खडग़े 5 चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मप्र में 11 चुनावी कार्यक्रम संभावित है। वे 8 जनसभाएं, दो रोड शो और एक कॉर्नर मीटिंग करेंगे। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 4 चुनावी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ताबड़तोड़ 13 चुनावी कार्यक्रम करेंगे। ये सभी नेता जनसभा और रोड शो कर पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाएंगे।