नगरपालिका के करीब 140 दैवेभो कर्मियों की सेवाएं समाप्त.... वित्तीय हालत खराब होने के चलते लिया निर्णय

indiacitynews. com 
नया साल मध्यप्रदेश की गाडरवारा नगरपालिका के सैंकड़ा भर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर लेकर नहीं आया। नगरपालिका के करीब 140 दैवेभो कर्मियों की सेवाएं समाप्त करने संबधी चर्चाएं कई दिनों से सोशल मीडिया पर जारी थी। यह चर्चाएं सोमवार को सच हो गईं। जब नपा प्रशासन ने एक जनवरी 2020 से लगे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की आगामी आदेश तक सेवाएं समाप्त कर दीं। इनमें जो भी कर्मचारी वसूली कार्य में संलग्न थे, उनसे वसूली की रसीद गड्डी भी कार्यालय में जमा कराई गई।इस कार्रवाई को लेकर नपा का दावा है कि इन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने से निकाय को प्रतिमाह लगभग 15 लाख रुपए की बचत होगी। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका प्रशासन के पास कर्मचारियों की कमी होने के कारण वसूली से लेकर अन्य कार्य में प्रभावित होने की संभावना भी बनी हुई है। इसके पीछे प्रमुख कारण यह भी बताया जा रहा है कि राज्य शासन से जो चुंगी क्षतिपूर्ति राशि मिलती थी।

 

उसमें से विद्युत विभाग की बकाया लाखों रुपए की राशि को शासन स्तर से ही काटकर निकाय को शेष राशि उपलब्ध कराई गई। जिससे निकाय के कर्मियों का वेतन भुगतान भी संभव नहीं हो सका। बहरहाल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों में से जिनका परिवार नगरपालिका के वेतन पर आश्रित था, उन्हे अब जीवनयापन करना कठिन होता दिख रहा है।

वहीं नगर पालिका सीएमओ वैभव देशमुख ने कहा कि नगर पालिका की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण एक जनवरी 2020 से लगे लगभग 120 दैवेभो कर्मियों की सेवाएं आगामी आदेश तक समाप्त की हैं। यदि नगर पालिका की वित्तीयस्थित ठीक होती है तो इन्हे आवश्यकता अनुसार पुनः सेवा में लिया जा सकता है।

न्यूज़ सोर्स : Icn