ACS अशोक शाह ने यश से पूछा केसी चल रही पढ़ाई,बच्चों से किया संवाद

Indiacitynews.com
(रायसेन से राजकिशोर सोनी की रिपोर्ट)
रायसेन। महिला बाल विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अशोक कुमार शाह तथा कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे ने रायसेन में वार्ड नम्बर-03 में निवासरत् मप्र कोविड-19 बाल सेवा योजना के हितग्राही बालक यश कुशवाह के घर जाकर उसका हालचाल जाना और शासन की ओर से मिल रही सहायता के संबंध में जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव श्री शाह ने यश से शिक्षा के संबंध में जानकारी लेते हुए पूछा कि पढ़ाई कैसी चल रही है तथा भविष्य में क्या बनना है।
उन्होंने, यश से योजना के तहत प्रतिमाह पॉच हजार रू मिलने, उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न मिलने तथा खाद्यान्न की गुणवत्तापूर्ण की जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव श्री शाह ने खाद्यान्न मंगाकर उसकी गुणवत्ता भी देखी। यश ने बताया कि प्रतिमाह पॉच हजार रू बैंक खाते में प्राप्त हो रहे हैं तथा नियमित खाद्यान्न भी मिल रहा है। अपर मुख्य सचिव ने शासन की अन्य योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी लेते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल हितग्राही को पात्रतानुसार शासन की अन्य योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाए।
अपर मुख्य सचिव श्री शाह तथा कलेक्टर श्री दुबे ने पाटनदेव में बालक शिवम मालवीय के घर जाकर उसकी मॉ से, शिवम तथा काजल की शिक्षा और स्पॉंशरसिप योजना के तहत प्रतिमाह राशि मिलने के संबंध में जानकारी ली। शिवम की मॉ ने बताया कि, शिवम और काजल को स्पॉंशरसिप योजना के तहत शासन की ओर से प्रतिमाह दो-दो हजार रू की राशि मिल रही है। अपर मुख्य सचिव ने बालक शिवम और उसकी बहन काजल से भी चर्चा कर पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। काजल ने बताया कि वह बड़ी होकर पुलिस में जाना चाहती है। उल्लेखनीय है कि शिवम के पिता की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। अपर मुख्य सचिव श्री शाह को महिला बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी श्री दीपक संकत द्वारा जिले में संचालित विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के संबंध में अवगत कराया गया।

आंगनवाड़ी केन्द्रों का किया निरीक्षण

अपर मुख्य सचिव श्री शाह तथा कलेक्टर श्री दुबे द्वारा वार्ड नम्बर-14 में आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या और उनके नियमित आने, पोषण आहार वितरण, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य गतिविधियों के संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव ने ऑगनवाड़ियों में भोजन वितरण करने वाले प्रेरणा स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों से संवाद कर जानकारी ली।
अपर मुख्य सचिव श्री शाह ने, कलेक्टर श्री दुबे द्वारा गोद ली गई रतनपुर आंगनवाड़ी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी के बच्चों से भी बात की तथा भोजन की गुणवत्ता भी देखी। अपर मुख्य सचिव ने आंगनवाड़ी में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री दुबे से कहा कि जिले की अन्य आंगनवाड़ियों को भी गोद लेने हेतु अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने कुशयारी आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार शहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

न्यूज़ सोर्स : Pro