India city news.com

रायसेन, 13 अप्रैल 2022

स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी तथा सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह द्वारा सिलवानी में 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन तथा चिकित्सकों के आवास गृह निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। सिलवानी में 896.82 लाख रू की लागत से 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन मय दो एफ-टाईप एवं चार जी-टाईप आवासों गृहों का निर्माण कराया जाएगा। 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। लोगों को बेहतर और त्वरित उपचार मिले इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सिलवानी में आज सिविल अस्पताल भवन का भूमिपूजन किया गया है। इसमें बच्चों के लिए एनआरसी कक्ष, फर्स्ट फ्लोर पर आईसीयू, बच्चों के लिए पीआईसीयू, स्टोर रूम सहित अन्य कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। सिलवानी और आसपास के क्षेत्र के लोगों को यहां बेहतर से बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए समुचित इंतजाम किए जाएंगे। 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि आज गॉव-गॉव में स्वास्थ्य केन्द्र खोले जा रहे हैं, नगरों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का सिविल अस्पतालों में उन्नयन किया जा रहा है। विगत एक साल में प्रदेश में रिकार्ड 400 से अधिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत करते हुए प्रारंभ किए गए हैं। प्रदेश में प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सिविल अस्पताल तथा जिला अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि जिले में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। गैरतगंज, बेगमगंज में सिविल अस्पताल का भूमिपूजन हो गया है और आज सिलवानी सिविल अस्पताल का भी भूमिपूजन हो गया है। इसके अलावा सुल्तानगंज में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि सॉची में भी सिविल अस्पताल का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रतापगढ़, सियरमऊ, तुलसीपार सहित अन्य गॉवों में स्वास्थ्य केन्द्रों की स्वीकृति दी गई है।  

स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को चिन्हित प्रायवेट अस्पताल में एक साल में पॉच लाख रू तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में विगत डेढ़ साल में अभियान चलाकर 2 करोड़ 86 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति के कल्याण और विकास के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से गरीबों के पक्के मकान के सपने को साकार किया जा रहा है। स्ट्रीट वेण्डर योजना की मदद से छोटे-छोटे व्यापारियों, पथ विक्रेताओं को व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार गरीबों को शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है ताकि महिलाओं को पानी के लिए परेशान ना होना पड़े।    

सिलवानी विधायक श्री रामपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। आज सिलवानी में 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन और चिकित्सकों के आवासों का भूमिपूजन किया गया है। इस सिविल अस्पताल के बन जाने से ना सिर्फ सिलवानी बल्कि आसपास के कई गॉवों के लोगों को लाभ मिलेगा। विधायक श्री सिंह ने कहा कि अब सिलवानी क्षेत्र में नर्मदा जी का जल आ रहा है। सिंचाई के लिए बड़ी परियोजना स्वीकृत की गई है जिससे सिलवानी क्षेत्र के 150 से अधिक गॉवों के किसान लाभान्वित होंगे तथा उन्हें सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। जब फसलों को सिंचाई के लिए भरपूर मिलेगा तो उत्पादन में भी वृद्धि होगी और किसानों की आमदानी बढ़ेगी। 

सिलवानी विधायक श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों को मिल रहा है। किसानों, हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि जमा की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रू की राशि प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को चार हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। इस प्रकार किसानों को हर साल 10 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। इसके अलावा जल जीवन मिशन के माध्यम से गॉव-गॉव में टोंटी के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। गरीबों को शासकीय उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को ढूंढ-ढूंढ कर आवास योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी तथा विधायक श्री सिंह द्वारा दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही ट्रायसकिल भी प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन एवं बिजली बिल माफी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री द्वारा सिविल अस्पताल भवन में बनाए जाने वाले विभिन्न कक्षों, सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित थे। 

न्यूज़ सोर्स : Icn