सांची में 5 मेगावाट का सोलर प्लांट स्थापित करेगी मध्य प्रदेश सरकार
• सोलर सिटी में पूर्ण सहयोग का सांची विश्वविद्यालय ने किया संकल्प
• विश्वविद्यालय में ऊर्जा विकास निगम का विशेष अभियान
• सांची विश्वविद्यालय ऊर्जा जागरूकता पाठ्यक्रम प्रारंभ करेगा
• सांची के जन-जन तक ऊर्जा साक्षरता पहुंचाएंगे वि.वि के छात्र
• छात्रों ने ऊर्जा जनभागीदारी के लिए सुझाए कई आइडियाज़
India city news.com
(राजकिशोर सोनी)
सांची बौद्ध-ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में आज म.प्र शासन के नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा विभाग द्वारा ‘उर्जा जागरूकता’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। सांची को सोलर सिटी घोषित किए जाने के बाद से ही मध्य प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है कि सांची के प्रत्येक नागरिक को नवीरकरणीय ऊर्जा के महत्व से अवगत कराते हुए उनकी ‘जनभागीदारी’ सुनिश्चित की जाए।
इस कड़ी में ऊर्जा साक्षरता के लिए सांची विश्वविद्यालय ने मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम को पूर्ण सहयोग प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया। ऊर्जा जागरूकता अभियान के तहत मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के एम.डी श्री कर्मवीर शर्मा ने बताया कि सांची की खपत तकरीबन 4 मेगावाट है और मध्य प्रदेश सरकार सांची में 5 मेगावाट का सोलर प्लांट स्थापित करने जा रही है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अल्केश चतुर्वेदी ने प्रस्ताव रखा कि सांची विश्वविद्यालय अपने वर्तमान परिसर में सोलर रूफ टॉप तथा नवीन निर्मित हो रहे परिसर में सोलर सिस्टम लगवाकर इस अभियान में सहयोग प्रदान करना चाहता है। प्रो. अल्केश चतुर्वेदी ने कहा कि ऊर्जा जागरूकता के संबंध में विश्वविद्यालय एक सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम प्रारंभ करेगा जिसके क्रेडिट स्कोर छात्रों के परीक्षा परिणाम में सम्मिलित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम ने छात्रों, शिक्षकों-कर्मचारियों से जन-जन तक पहुंचने और उन्हें ऊर्जा जागरूक करने के लिए अपने आइडियाज़ बताने को कहा। सांची विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपने अपने सुझाव प्रस्तुत किए ताकि लोग बिजली की बचत करें और नवीकरणीय ऊर्जा के उपकरणों का उपयोग कर अपने प्रतिदिन के गैस, गाड़ियों, बिजली, इत्यादि पर होने वाले व्यय की बचत कर सकें। श्री कर्मवीर शर्मा ने ऊर्जा साक्षरता अभियान की वेबसाइट www.usha.mp.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर जन-जन तक ऊर्जा जागरूकता पहुंचाने के विषय में अवगत कराया।
मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अतिरिक्त रायसेन के एस.डी.एम श्री एल के खरे, नायब तहसीलदार श्रीमती नियति साहू, सांची नगर पालिका के सीएमओ श्री आर.डी शर्मा सम्मिलित हुए।

न्यूज़ सोर्स : Pro