राजकोट | गुजरात प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटील ने ताजमहल और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को लेकर बड़ा बयान दिया है| सीआर पाटील का कहना है कि पहले विदेशी पर्यटक भारत में ताजमहल देखने आते थे, लेकिन अब समय बदल गया और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार करने बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं| राजकोट के नाना मवा चौक पर आयोजित जनसभा में सीआर पाटील ने कहा कि नर्मदा जिले के केवडिया में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे विशाल प्रतिमा बनाई गई है| जबकि आगरा में 17वीं शताब्दी के मध्य में मुगल शासक शाहजहां द्वारा बनाया गया ताजमहल को दुनिया के अजुबों में एक माना जाता है| उन्होंने कहा कि पहले जब कभी विदेशी पर्यटक भारत में आते थे तब वह कहते थे ‘हम ताजमहल देखने आए हैं|’ लेकिन अब भारत में आनेवाले विदेशी पर्यटक कहते हैं ‘हम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार करने आए हैं|’ आज विदेशी पर्यटक देश के महान व्यक्ति की प्रतिमा और हमारे राष्ट्र का गौरव देखने आते हैं| उन्होंने कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अग्रणी स्वाधीनता सैनानी और स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधनमंत्री व गृह मंत्री सरदार पटेल को योग्य श्रद्धाजंलि दी है| गुजरात भाजपा प्रमुख ने कहा कि भारत जब आजाद हुआ तब सरदार पटेल ने रातों रात 562 रजवाड़ों एक कर अखंड भारत का निर्माण किया था| अखंड भारत का निर्माण करने का श्रेय अगर किसी को जाता है तो वह सरदार पटेल हैं| सरदार पटेल की प्रतिमा उनकी प्रतिभा के प्रमाण में होनी चाहिए, इसलिए पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण किया| गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन के नौ साल की उपलब्धियां जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजकोट में जनसभा का आयोजि किया गया था| जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल वजुभाई वाला, महिला एवं बाल विकास मंत्री भानु बाबरिया, स्थानीय सांसद, विधायक और भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे|