नई दिल्ली । देश के 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये आज दिल्ली में चुनाव आयोग की बैठक होने वाली है। सूत्रों के अनुसार नवंबर दूसरे हफ्ते से दिसंबर के पहले हफ्ते में अलग-अलग तारीखों और चरणों में इन राज्यों में मतदान हो सकता है। पहले की तरह राजस्थान, मप्र, मिजोरम व तेलंगाना में एक चरण में चुनाव की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में मतदान हो सकता है। हालांकि मतदान की तारीख अलग-अलग हो सकती हैं। सभी चुनावी राज्यों की मतगणना एक साथ हो सकती है।
इस बैठक में 5 राज्यों के करीब 9 सौ चुनावी ऑब्जर्वर शामिल हैं। बैठक में जनरल ऑब्जर्वर, एक्सपेंडिचर और सिक्योरिटी ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे। यह बैठक दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में चल रही है जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और दोनों चुनाव आयुक्त भी शामिल हैं। मप्र विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने की उम्मीद है। इसकी सभी 230 सीटों पर नवंबर 2023 में या उससे पहले चुनाव का ऐलान हो सकता है। 
एमपी में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था। उस चुनाव में कांग्रेस ने सरकार बनाई थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। मार्च 2020 में 22 कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद कमलनाथ की सरकार गिर गई थी और उन्हे इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद भाजपा ने एमपी में सरकार बनाई थी और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने थे।
इस साल के आखिर में राजस्थान विधानसभा का चुनाव भी होना है। अनुमान है कि राज्य की 200 सीटों पर नवंबर 2023 में या उससे पहले चुनाव हो सकते हैं। राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। पिछला विधनसभा चुनाव दिसंबर 2018 में हुआ था, जिसके बाद अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने थे। मप्र और राजस्थान जैसे ही छत्तीसगढ़ की 90 सीटों पर भी इस साल के अंत में ही चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी 2024 को खत्म होगा। पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस जीती और भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। इसी तरह मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर 2023 को खत्म होने वाला है। राज्य में पिछला विधानसभा चुनाव नवंबर 2018 में हुआ था जिसमें मिजो नेशनल फ्रंट ने राज्य में सरकार बनाई थी।